चमोली। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के आदेशानुसार जनपद चमोली में बैंक सुरक्षा को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए जाने के उद्देश्य से चमोली पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों का औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा बैंकों के प्रबंधकों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, उनका बैकअप सिस्टम, स्टोरेज डाटा तथा कैमरों के कवरेज एरिया को बारीकी से चेक किया गया। साथ ही फायर अलार्म सिस्टम की उपलब्धता व उनकी कार्यप्रणाली को भी चेक किया गया, ताकि किसी भी अग्नि अथवा आपात स्थिति में त्वरित सूचना एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस द्वारा बैंकों एवं एटीएम में तैनात सुरक्षा कर्मियों की संख्या, उनकी ड्यूटी से संबंधित जानकारी तथा उन्हें अस्त्र-शस्त्र संचालन का पर्याप्त ज्ञान है या नहीं, इसकी भी पुष्टि की गई ताकि किसी भी आपात स्थिति में बैंक कर्मियों एवं ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस द्वारा बैंक प्रबंधन से यह भी जानकारी प्राप्त की गई कि प्रतिदिन बैंक में औसतन कितने लोगों का आवागमन होता है तथा बैंक में होने वाले लेन-देन की प्रकृति क्या है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को उसी अनुरूप और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। इसके अतिरिक्त बैंकों में सायरन एवं साइलेंट सायरन सिस्टम की उपलब्धता एवं उनकी कार्यप्रणाली को भी चेक किया गया।
निरीक्षण के दौरान बैंकों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों का विवरण प्राप्त किया गया तथा बैंक परिसर के भीतर एवं आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा बैंक प्रबंधन को यह भी बताया गया कि जनपद पुलिस द्वारा बैंकों में नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस टीमों द्वारा बैंक सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ड्यूटी के दौरान यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित थाने को दी जाए। किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की हिदायत दी गई।
