चमोली। जनपद चमोली के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय मुन्दोली में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र प्रसाद के दिशा-निर्देशों में निशुल्कपाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नई पुस्तकों का वितरण किया गया, जिससे उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में प्रधान हीरा सिंह दानू, प्रधानाध्यापक आनंद सिंह गड़िया तथा सहायक अध्यापक प्रकाश दानू की विशेष उपस्थिति रही। इस पहल का नेतृत्व शिव सिंह फर्स्वाण (सीआरसी, संकुल मुन्दोली) द्वारा किया गया। साथ ही राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य एल आर टम्टा द्वारा छात्र छात्राओं के प्रवेश के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराने के लिए प्रेरित किया गया।
शिक्षकों एवं अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रयासों से न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
