चमोली । शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) गोपेश्वर में उत्साह, उम्मीद और शिक्षा के संकल्प के साथ हुई। सत्र के पहले ही दिन छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं, जिससे पढ़ाई की शुरुआत को नई रफ्तार मिल गई। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने छात्राओं को किताबें सौंपते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन ही सफलता की असली कुंजी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर में छात्राओं का उत्साह देखने लायक रहा। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। कार्यक्रम ने नए सत्र के पहले दिन ही यह संदेश दे दिया कि शिक्षा के मोर्चे पर इस बार शुरुआत मजबूत है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बच्चों को स्कूल तक पहुंचाना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि समय पर किताबें मिलने से छात्राओं की पढ़ाई में किसी तरह की रुकावट नहीं आएगी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जो आज समय की कीमत समझेगा, वही कल सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवनशैली अपनाने और अपने भविष्य को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के पुस्तकालय कक्ष का निरीक्षण भी किया और उसके रखरखाव व उपयोगिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखकर उन्हें व्यक्तित्व निर्माण और ज्ञान संवर्धन का केंद्र बनाया जाना चाहिए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ललित मोहन बिष्ट, विद्यालय स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।
