चमोली। जनपद के ल्वाणी इंटर कॉलेज में आज बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 6 में कुल 18 नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर अभिनंदन किया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र सेमवाल जी के दिशा निर्देशन में प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह विष्ट, सीआरसी मुन्दोली शिव सिंह फर्स्वाण, एसएमसी अध्यक्ष एवं प्रधान जी और समस्त शिक्षकगण द्वारा छात्र-छात्राओं को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराएं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, स्वच्छता एवं नैतिक मूल्यों के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही सभी ने मिलकर शिक्षा के महत्व को समझते हुए एक बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
