चमोली। मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक चमोली द्वारा पुलिस कार्यालय का विस्तृत त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए अभिलेखों की स्थिति, लंबित प्रकरणों की प्रगति का गहन परीक्षण किया गया।
प्रधान लिपिक शाखा के निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम पत्रावली इंडेक्स रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण रजिस्टरों/पत्रावलियों का परीक्षण किया गया। कर्मचारियों की चरित्र पंजिकाओं का अवलोकन करते हुए दण्ड, पदोन्नति, पुरस्कार आदि प्रविष्टियों की जांच की गई। सभी प्रविष्टियों को HRMS पोर्टल के अंतर्गत समयबद्ध रूप से ऑनलाइन अद्यतन करने हेतु निर्देशित किया गया ।
आंकिक शाखा के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की GPF/NPS बुकों का अवलोकन कर उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित TA/DA बिल, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, एरियर एवं निर्माण कार्यों से संबंधित देयकों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
CCTNS के अंतर्गत संचालित सभी पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने पर विशेष बल दिया गया।
DCRB शाखा को अज्ञात शवों की पहचान, गुमशुदा व्यक्तियों एवं अपराध संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा आवश्यक सूचनाओं का अन्य जनपदों से समन्वय स्थापित करने हेतु निर्देशित किया गया।
समन सेल को माननीय न्यायालय से प्राप्त समन एवं वारंटों को नियत तिथि से पूर्व तामील कराने, तामील आख्या समय पर न्यायालय प्रेषित करने तथा लंबित समनों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
मीडिया सेल को भ्रामक समाचारों की मॉनिटरिंग कर उनका त्वरित खंडन सुनिश्चित करने तथा सोशल मीडिया विश्लेषण को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
NAFIS शाखा को गिरफ्तार अभियुक्तों के फिंगरप्रिंट्स का शत-प्रतिशत डिजिटल अपलोड सुनिश्चित करने, लंबित डाटा एंट्री को शीघ्र पूर्ण करने तथा अन्य राज्यों से प्राप्त मिलान की सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
महिला हेल्पलाइन शाखा की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। शिकायत रजिस्टर एवं लंबित प्रकरणों का अवलोकन कर त्वरित निस्तारण तथा शिकायतकर्ताओं से नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।साथ ही महिला संबंधी मामलों में गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने पर बल दिया गया।
