चमोली। उर्गम घाटी आज एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण की साक्षी बनी। उर्गम घाटी के भर्की, भेटा, पिलखी और ग्वाणा की आराध्य माँ कालिंका व मायाधार देवी की ऐतिहासिक ‘देवरा रथ यात्रा’ नौ महीनों के विजय भ्रमण के साथ समापन हो गया।

34 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद, पिछले वर्ष 10 जुलाई को शुरू हुई यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था की एक कठिन परीक्षा थी। माँ कालिंका ने जोशीमठ और दशोली ब्लॉक के 98 गाँवों में लगभग 1000 किलोमीटर की पैदल दूरी तय की। इन 181 दिनों की पदयात्रा में माता ने हर घर की ‘ध्याणियों’ को उनके मायके की याद दिलाई और अपना आशीष दिया।

9 फरवरी से भर्की गाँव में उत्सव का जो सिलसिला शुरू हुआ था, वह आज अपने चरम पर पहुँचा। शनिवार को माँ ने अपनी ध्याणियों को ‘ध्याणी भत्ता’ दिया, जिसे पाकर गाँव की हर बेटी भावुक हो उठी। आज विदाई के इस मेले में हजारों की भीड़ ने माँ के जयकारों से पूरी घाटी को गुंजायमान कर दिया।

आज, 22 फरवरी को ‘न्यूतारू विदाई’ (मेला समापन) के भव्य अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार विशेष रूप से उर्गम घाटी पहुँचे। मंदिर समिति ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप के बीच एसपी चमोली का बैज अलंकरण, माँ की चुनरी और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। एसपी ने माँ कालिंका का आशीर्वाद लेकर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। कल, 23 फरवरी को माँ कालिंका की प्रतिमा को पूरे विधि-विधान और विशेष पूजा-अर्चना के साथ उनके मूल स्थान (गर्भ गृह) में स्थापित किया जाएगा।

तदोपरांत एसपी चमोली ने उर्गम घाटी की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उर्गम पुलिस चौकी के लिए आवंटित नवीन भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान श्री ऋषि प्रसाद सती ( उपाध्यक्ष बद्री केदार मंदिर समिति), श्री हरक सिंह नेगी( उपाध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद), श्री गजपाल बर्त्वाल( जिलाध्यक्ष भाजपा), अनूप नेगी,( ब्लॉक प्रमुख ज्योतिर्मठ), विनोद कनवासी ( जिला महामंत्री भाजपा), गुड्डू लाल (मंडल अध्यक्ष भाजपा), प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत, चौकी प्रभारी भूपेन्द्र सिंह, , पूर्व ब्लाक प्रमुख हरीश परमार, हर्षवर्धन फर्सवाण( अध्यक्ष मन्दिर समिति),उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष नन्दा सिंह नेगी,मेला कमेटी के सचिव रघुवीर सिंह चौहान, थैंग देवता/पल्ला जखोला/उर्गम/डुमक कलगोठ के प्रतिनिधि भूमि क्षेत्रपाल के पश्वा लक्ष्मण नेगी,रणजीत चौहान, भर्की के प्रधान चन्द्र मोहन, भेंटा के प्रधान दीपक पंवार मौजूद रहे

error: Content is protected !!