चमोली। प्रचलित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आज यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना एवं चौकी प्रभारी पीपलकोटी पूनम खत्री ने पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, गडोरा में छात्र-छात्राओं के साथ विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया।

सत्र में मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई:

हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग,ओवर स्पीडिंग, मोबाइल फोन उपयोग एवं लेन अनुशासन का उल्लंघन न करने की सलाह,सुरक्षित ड्राइविंग की आदतें एवं पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सावधानियाँ।

गुड समेरिटन लॉ – दुर्घटना में घायल को तत्काल सहायता प्रदान करने वाले को कानूनी संरक्षण मिलता है। छात्रों से अपील की गई कि वे बिना भय के मदद करें, क्योंकि यह मानवीय कर्तव्य है।

इसके अतिरिक्त चौकी प्रभारी पूनम खत्री ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला अपराधों तथा बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया पर सतर्कता, साइबर बुलिंग, महिला सुरक्षा के कानूनी प्रावधान (जैसे POCSO एक्ट, घरेलू हिंसा अधिनियम आदि) तथा बच्चों की सुरक्षा हेतु सतर्क रहने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। छात्रों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, क्योंकि समय पर जानकारी से अपराध रोके जा सकते हैं।

छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की, कई सवाल पूछे और अंत में सड़क सुरक्षा की शपथ ली। उन्होंने प्रतिबद्धता जताई कि वे नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।

चमोली पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के दौरान स्कूल-कॉलेजों, टैक्सी यूनियनों एवं आमजन तक लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी आए और हर सफर सुरक्षित बने।

error: Content is protected !!