चमोली। सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के हेतु चमोली पुलिस द्वारा जनपद भर में निरंतर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से एक ओर जहाँ आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों की अनदेखी कर अपनी तथा दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही भी की जा रही है।
इसी क्रम में आज यातायात पुलिस द्वारा बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरही के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान एक वाहन को जांच हेतु रोका गया तो वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी पाई गई, जो सड़क सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना द्वारा उक्त वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही करते हुए सख़्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस प्रकार के नियम उल्लंघन की पुनरावृत्ति न की जाए तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन किया जाए।
चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएँ और सड़क सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें।
