उत्तराखंड (देहरादून)
उत्तराखंड में मौजूदा हालात को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। पार्टी का कहना है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं CEC सदस्य तथा प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि पार्टी ने 16 तारीख को राज्यपाल आवास कूच करने का निर्णय लिया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश के हर हिस्से में जाकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद किया है और इस दौरान जनता में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला है। उनका दावा है कि इस कूच में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे, जिसकी तस्वीर 16 तारीख को खुद नजर आ जाएगी।
प्रीतम सिंह ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में हत्या, डकैती, चेन स्नैचिंग और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर भी उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा किया और आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े नेता संलिप्त पाए गए हैं। अंकिता भंडारी प्रकरण सहित अन्य मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार अपने चरम पर है, किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं, युवा रोजगार के लिए सड़कों पर हैं और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। साथ ही खनन, शराब और भू माफिया के प्रदेश में हावी होने और वन क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक को भी सरकार की विफलता बताया। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस 16 तारीख को राज्यपाल आवास कूच करेगी।
