चमोली। ल्वाणी इंटर कॉलेज में जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शिव सिंह फर्स्वाण ने छात्रों को संबोधित करते हुए जलवायु परिवर्तन के गंभीर प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्लेशियरों का तेजी से पिघलना, अत्यधिक बाढ़, भूस्खलन, सूखा, जल स्रोतों का सूखना और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं मानव जीवन के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
इस दौरान क्लाइमेट एक्शन प्रोग्राम के तहत “वन मैन, वन ट्री, वन अर्थ” का संकल्प दिलाया गया और छात्रों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिव सिंह फर्स्वाण ने बताया कि यह कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों में चलाया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण मिल सके।
अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
